📰 बीबीएन, बीकानेर |दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसम्बर को होने वाली कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली से पहले बीकानेर देहात जिला कांग्रेस कमेटी ने व्यापक तैयारियां तेज कर दी हैं। रानी बाजार स्थित जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में महारैली के लिए नियुक्त प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से आने वाले कांग्रेसजनों की सूची, वाहनों का ब्यौरा और यात्रा संबंधी जानकारी जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग को सौंप दी। बैठक में सभी विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉक्स की तैयारी की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने कहा कि विपक्ष की भूमिका लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है और इस समय ‘‘वोट चोरी रोकने के महाअभियान’’ तथा ‘‘वोट चोर–गद्दी छोड़’’ अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की पारदर्शिता पर कोई भी आंच स्वीकार नहीं की जाएगी और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता दिल्ली महारैली में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेगा।
जिला संगठन महासचिव मार्शल प्रहलादसिंह ने बताया कि सभी प्रभारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का ब्यौरा प्रस्तुत कर दिया है। खाजूवाला, कोलायत, लूणकरणनसर, श्रीडूंगरगढ़, नोखा, सूडसर, बज्जू और नापासर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सूचियां नाम, संपर्क नंबर, वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर, ड्राइवर की जानकारी तथा ट्रेन/बस टिकटों का विवरण एकत्र कर लिया गया है।
बैठक में भंवरलाल कूकणा, शिवदान मेघवाल, शशिकला राठौड़, तिलोक सिंह सोनियासर, ओमप्रकाश कस्वां, महावीर बाना, नितिन वत्स, सीताराम डूडी, राजपाल कुल्हरी और अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने महारैली को सफल बनाने के लिए संयुक्त रूप से जिम्मेदारी निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
—



