बीबीएन, नेटवर्क | ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बीकानेर जिला उद्योग संघ के विद्युतीय सलाहकार और जोधपुर डिस्कोम के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर एम. एस. फगेडिया को राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
इस गरिमामय कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि रहीं। फगेडिया को यह पुरस्कार केन्द्रीय विद्युत तथा आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर और विद्युत एवं नवीनीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्रीपाद नायक द्वारा प्रदान किया गया। ऊर्जा संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए यह फगेडिया को राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाला चौथा सम्मान है।
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि फगेडिया लंबे समय से ऊर्जा दक्षता, बिजली की बचत और उद्योगों में ऊर्जा प्रबंधन को लेकर जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से न केवल औद्योगिक क्षेत्र बल्कि आम उपभोक्ताओं में भी ऊर्जा संरक्षण को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हुई है।
पचीसिया ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती ऊर्जा मांग को देखते हुए भविष्य में ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करना एक बड़ी चुनौती बन सकता है। ऐसे में सभी वर्गों के ऊर्जा उपभोक्ताओं को सजग होकर ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना होगा। ऊर्जा की बचत ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य की कुंजी है।
—



