बीबीएन, नेटवर्क। भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले लाखों युवाओं का इंतजार समाप्त हो गया है। मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, राजस्थान ने भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब मेरिट के आधार पर भर्ती रैलियों के दूसरे चरण में बुलाया जाएगा। पहली भर्ती रैली जुलाई 2026 में सेना भर्ती कार्यालय, कोटा की ओर से उदयपुर में आयोजित होगी। सेना ने स्पष्ट किया है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, डिजिटल और योग्यता आधारित है। साथ ही अभ्यर्थियों को किसी भी दलाल या अनधिकृत व्यक्ति के झांसे में नहीं आने की सख्त सलाह दी गई है।
पहले चरण के परिणाम के बाद अब भर्ती रैलियों की बारी
मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, राजस्थान के अनुसार ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 1 जून से 12 जून 2026 के बीच आयोजित की गई थी। यह परीक्षा अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, तकनीकी, कार्यालय सहायक/स्टोर कीपर तकनीकी, ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास), महिला सेना पुलिस, सैनिक तकनीकी, सैनिक फार्मा, हवलदार शिक्षा तथा जूनियर कमीशन अधिकारी धार्मिक शिक्षक सहित विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए आयोजित हुई थी।
मेरिट और प्रदर्शन के आधार पर होगा अंतिम चयन
सेना ने बताया कि ऑनलाइन परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण है। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को मेरिट के अनुसार भर्ती रैलियों में बुलाया जाएगा, जहां शारीरिक दक्षता, दस्तावेज सत्यापन और अन्य स्क्रीनिंग परीक्षण होंगे। अंतिम चयन ऑनलाइन परीक्षा तथा भर्ती रैली में प्रदर्शन के संयुक्त आधार पर तैयार की गई मेरिट सूची से किया जाएगा।
केवल आधिकारिक प्रक्रिया पर करें भरोसा
भारतीय सेना ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह स्वचालित और पारदर्शी है। किसी भी प्रकार की सिफारिश, बिचौलिया या धन के माध्यम से चयन संभव नहीं है। अभ्यर्थी अपने दस्तावेज किसी अनधिकृत व्यक्ति को न सौंपें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित सेना भर्ती कार्यालय या स्थानीय सैन्य अधिकारियों को दें।
सहायता के लिए भर्ती कार्यालय से करें संपर्क
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी, भर्ती रैली की तिथियां और अन्य दिशा-निर्देश भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट तथा संबंधित सेना भर्ती कार्यालयों से प्राप्त किए जा सकते हैं।





