
बीबीएन, बीकानेर | पत्रकारों के बीच खेल भावना, आपसी संवाद और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पत्रकार खेलकूद प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत शुक्रवार को करणी सिंह स्टेडियम में हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन बैडमिंटन मुकाबलों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश व स्थानीय मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टूर्नामेंट का उद्घाटन सामाजिक एवं औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े अतिथियों द्वारा किया गया, वहीं खेल आयोजन में प्रेस क्लब पदाधिकारियों व वरिष्ठ पत्रकारों की सक्रिय भागीदारी रही।

बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद संजीव पाराशर ने खिताब अपने नाम किया, जबकि लक्ष्मण राघव को उपविजेता संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में सुमित बिश्नोई ने जीत दर्ज की। 
प्रेस क्लब पदाधिकारियों के अनुसार, शनिवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पत्रकारों की टीम का सामना व्यापार मंडल, पुलिस, चिकित्सक समुदाय और प्रशासन की टीमों से होगा। यह मुकाबले औद्योगिक क्षेत्र स्थित पावर प्ले स्टेडियम में खेले जाएंगे। वहीं, 28 दिसंबर को होटल वृंदावन में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ पारंपरिक पौष बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष का कहना है कि इस खेल आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न वर्गों के बीच सौहार्द, संवाद और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। मुख्य प्रायोजक और सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से यह आयोजन पत्रकारिता जगत में खेल संस्कृति को नई दिशा देने का प्रयास है।

