⭕ गंगानगर में बड़ी पुलिस कार्रवाई:
बीबीएन, बीकानेर | श्रीगंगानगर में एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर राजियासर थाना पुलिस ने अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार किया।
थानाधिकारी कलावती चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भारतमाला सड़क पर स्थित ऐटा की रोही में घेराबंदी कर पंजाब निवासी आरोपी कलवंदर सिंह को दबोच लिया। उसके कब्जे से 8 किलो अफीम और तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नशीला माल जोधपुर से पंजाब सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
कार्रवाई में कांस्टेबल आत्माराम कुलड़िया ने अहम भूमिका निभाई, जबकि टीम में कांस्टेबल धर्मपाल, चरणसिंह, प्रमोद और हरिराम मीणा सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस का मानना है कि यह गिरफ़्तारी नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर बड़ा झटका है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के व्यापक नेटवर्क की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
—


