बीबीएन, बीकानेर | जूनागढ़ किले के पास पुरानी गिन्नाणी क्षेत्र स्थित फर्नीचर मार्केट में सड़क और सीवरेज लाइन का काम 15 दिनों से अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों और कारोबारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 22 नवंबर को सड़क निर्माण की शुरुआत हुई थी और 30 नवंबर तक काम पूरा होना था, लेकिन सीवरेज और पानी की लाइन में खामियों के कारण निर्माण कार्य ठप हो गया।
स्थानीय व्यवसायी रमेश अग्रवाल के अनुसार, सीवरेज एजेंसी ने पाइप डालकर अपना काम पूरा बताया, जबकि पानी सप्लाई लाइन का पुराना लीकेज ठीक नहीं किया गया। हालात तब और बिगड़ गए जब सड़क निर्माण के दौरान जेसीबी से पानी की पाइपलाइन टूट गई। अब दोनों एजेंसियां एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पीछे हट रही हैं। इस खींचतान का सबसे बड़ा खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
🔴 मार्केट में आवागमन 15 दिनों से ठप
🔴 दुकानों में ग्राहकों का आना बंद
🔴 गड्ढ़ों में भरा पानी बदबू फैला रहा है
🔴 मच्छरों का प्रकोप और बीमारियों का खतरा बढ़ा
🔴 घरों में दीवारों में सीपेज शुरू
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार शिकायतों के बावजूद न तो BDA और न ही नगर निगम ने मौके पर कोई ठोस कार्रवाई की। निगरानी और समन्वय के अभाव में काम अटका रहा है। नागरिकों ने संबंधित विभागों से तुरंत हस्तक्षेप कर टूटे पाइप ठीक करवाने और सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की है।
—



