बीबीएन,बीकानेर। हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीकानेर में आयोजित एक विशेष समारोह में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान पत्रकारिता के माध्यम से जनजागरण करने वाले पत्रकार परिवारों का सम्मान किया गया। जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) की बीकानेर इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, जिम्मेदार रिपोर्टिंग, मीडिया की विश्वसनीयता और युवा पीढ़ी की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे। समारोह में स्वतंत्रता सेनानी पत्रकारों के परिवारों के साथ वरिष्ठ पत्रकार नारायण दास रंगा का भी अभिनंदन किया गया।
अंत्योदय नगर स्थित रमेश इंग्लिश स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी एवं पत्रकार रहे शौकत उस्मानी, रघुवरदयाल गोयल, दाऊदयाल आचार्य, वैद्य मघाराम, रामनारायण शर्मा, मूलचंद पारीक, अंबालाल माथुर, शंभुदयाल सक्सेना और गंगादास कौशिक के परिवारों का सम्मान किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान देने वाले नारायण दास रंगा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार राजीव हर्ष ने कहा कि पत्रकारिता की विश्वसनीयता तथ्यों की शुद्धता और कानूनी जिम्मेदारियों के निर्वहन पर निर्भर करती है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि समाचारों के प्रकाशन में संतुलन, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। वरिष्ठ पत्रकार लूणकरण छाजेड़ ने कहा कि पत्रकारिता एक नए संक्रमणकाल से गुजर रही है, जहां तकनीकी बदलावों के साथ नैतिक चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे समय में पत्रकारों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति और अधिक सजग रहने की आवश्यकता है।
पत्रकार हेम शर्मा ने पत्रकार संगठनों के बीच एकता और समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि पत्रकार हितों और मीडिया की साख को मजबूत करने के लिए साझा प्रयास जरूरी हैं। वरिष्ठ पत्रकार शिवचरण शर्मा ने पुराने दौर की पत्रकारिता के संघर्षों को याद करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद पत्रकार खबरों को संपादकों तक पहुंचाने के लिए कठिन परिस्थितियों में काम करते थे। वहीं हरीश बी. शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ और युवा पत्रकारों के बीच संवाद का निरंतर बना रहना पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है।
जार के महासचिव विशाल स्वामी ने कहा कि संगठन पत्रकारों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में पत्रकारों के कौशल विकास और पेशेवर दक्षता को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी पत्रकारों का परिचय श्याम नारायण रंगा ने दिया, जबकि अभिनंदन पत्र का वाचन मनोज व्यास ने किया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद व्यास ने किया तथा अनुराग हर्ष ने आभार व्यक्त किया।



