बीबीएन, बीकानेर | भारत-पाक बॉर्डर के सीमावर्ती इलाके में गुरुवार देर रात धर्मांतरण से जुड़ी सूचना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया, जहां कथित तौर पर धार्मिक गतिविधियों के नाम पर लोगों को प्रभावित किए जाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर और बाद में थाने के बाहर एकत्र हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक विदेशी दंपति सहित आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
मामला श्रीकरणपुर के श्री गुरुनानक दरबार के पास स्थित वॉर्ड नंबर 22 में एक किराए के मकान से जुड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें एक विदेशी दंपति भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट होने के कारण संवेदनशील श्रेणी में आता है और यहां विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर विशेष नियम लागू होते हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आवश्यक अनुमति के बिना विदेशी नागरिकों की मौजूदगी संदिग्ध है।
सूचना मिलने पर उपखंड पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हिरासत में लिए गए सभी लोगों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों, अनुमति पत्रों और गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध या नियमों के उल्लंघन वाली गतिविधि की पुष्टि की जा सके।
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—



