🔴 छत्रगढ़ रोड पर टोल ठेकेदार पर सवाल
बीबीएन,बीकानेर। जिले में शोभासर टोल प्लाज़ा पर टोल वसूली को लेकर विवाद गहराने लगा है। नूरसर फांटा से दंतौर, खाजूवाला और पूगल की ओर जाने वाले वाहन चालकों से ₹110 की टोल राशि वसूली जा रही है, जबकि यह वाहन टोल मार्ग का केवल 25 किलोमीटर हिस्सा ही उपयोग करते हैं।
किसान नेता नरेंद्र आर्य ने बताया कि ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों ने इस वसूली को “अवैध” और “अन्यायपूर्ण” बताते हुए जिला प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक लिखित ज्ञापन सौंपा है, जिसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री, विधायक खाजूवाला तथा PWD मुख्य अभियंता को भेजी गई है।
आवेदन में कहा गया है कि टोल ठेकेदार द्वारा केवल आंशिक मार्ग का उपयोग करने वाले वाहनों से भी पूरे मार्ग का शुल्क वसूला जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे किसानों, मजदूरों और छोटे व्यवसायियों पर अनुचित आर्थिक बोझ पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने यह भी मांग की है कि टोल दरों का स्पष्ट बोर्ड प्रदर्शित किया जाए ताकि जनता को सही जानकारी मिल सके। उनका आरोप है कि ठेकेदार मनमाने ढंग से टोल वसूली कर रहा है, जो सरकार के टोल नीति नियमों का उल्लंघन है।
जनता की मांग है कि नूरसर फांटा से दंतौर,खाजूवाला,पूगल मार्ग पर चलने वाले वाहनों से वास्तविक दूरी के अनुसार ही टोल शुल्क लिया जाए। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि यह जनहित मुद्दा शीघ्र सुलझाया जाए ताकि क्षेत्रीय जनता को राहत मिल सके।
—


