बीबीएन, नेटवर्क। प्रवासी राजस्थानी दिवस पर जयपुर के जेईसीसी में आयोजित भव्य महाकुंभ में समाजसेवी और उद्योगपति द्वारकाप्रसाद पचीसिया को प्रवासी राजस्थानी सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देशभर से आए उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। सम्मान समारोह में पचीसिया, जो कि सी एम मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट मुंबई के प्रतिनिधि हैं, को चिकित्सा, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र और सम्मान चिन्ह भेंट किए गए।
बीकानेर जिला उद्योग संघ उपाध्यक्ष नरेश मित्तल ने बताया कि पचीसिया को यह सम्मान बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में 527 बिस्तरों के विशाल मेडिसिन विंग के निर्माण हेतु 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान करने, डिजिटल शिक्षा अभियान के तहत बीकानेर ज़िले की 118 बिजली-विहीन सरकारी स्कूलों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ भारत अभियान को मज़बूती देने हेतु नापासर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में 500 से अधिक शौचालय निर्माण कराने जैसे सामाजिक कार्यों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है।
इसके अतिरिक्त, ट्रस्ट द्वारा नापासर और आसपास के गांवों में 26 आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए पक्के मकान निर्माण, गीता देवी बागड़ी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के निर्माण, तथा बालिका शिक्षा प्रोत्साहन हेतु हर वर्ष 20 प्रतिभाशाली छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने जैसी कई पहलें लगातार जारी हैं। पचीसिया बीकानेर व नापासर क्षेत्र में चिकित्सा, शिक्षा और पर्यावरण सुधार से जुड़े प्रोजेक्ट्स में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजन में केंद्रीय मंत्री, राजस्थान सरकार के वरिष्ठ मंत्री और उच्च प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे और प्रवासी समाज द्वारा किए जा रहे राष्ट्र निर्माण के कार्यों की सराहना की।
—



