बीबीएन, बीकानेर। बीकानेर संभाग में एक ओर यहां नशा ओर तस्करी, वसूली के साथ लूट खसोट के मामलों का ग्राफ निरंतर बढ़ रहा है दूसरी ओर हिंसक घटनाएं भी कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही है। संभाग के हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र में प्रस्तावित 40 मेगावॉट के अनाज-आधारित एथेनॉल प्लांट के निर्माण को लेकर बुधवार को स्थानीय किसानों का विरोध अचानक हिंसक झड़प में बदल गया।इस झड़प में कांग्रेस विधायक अभिमन्यु पुनिया सहित करीब पांच दर्जन किसान घायल हो गए।
किसानों का आरोप है कि प्लांट की पर्यावरण मंजूरी (EC) 2022 से लंबित होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी है, जिससे जल, पर्यावरण और कृषि भूमि पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ने का खतरा है। निर्माण रोकने की मांग कर रहे बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों से प्लांट साइट पर पहुँचे और निर्माणाधीन दीवार को तोड़ दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखा टकराव शुरू हो गया। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया और कई वाहनों में आगजनी की। जवाब में, पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है, धारा 144 लागू कर दी है और स्कूल-कॉलेज बंद करने का आदेश जारी किया है। किसान संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक पर्यावरण मंजूरी नहीं मिलती और उनकी आपत्तियों का समाधान नहीं होता, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि, जिला प्रशासन का दावा है कि विवाद को देखते हुए पिछली महापंचायत में कंपनी का काम रोकने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन भीड़ ने अचानक हिंसक रुख अपनाया।
राजनीतिक बयानबाजी
स्थानीय राजनीति भी इस मुद्दे पर गरमा गई है। विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं ने प्रशासन पर किसानों की चिंताओं को अनदेखा करने और अनावश्यक रूप से हालात बिगाड़ने का आरोप लगाया है। कई स्थानीय नेता प्लांट साइट पर पहुँचकर किसानों को समर्थन देने की घोषणा कर रहे हैं। दूसरी ओर, एथेनॉल कंपनी के अधिकारियों की तरफ से अभी तक घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात
हिंसा के बाद टिब्बी कस्बे और आसपास के गाँवों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने गुरुवार सुबह स्थिति सामान्य होने का दावा किया है, लेकिन यह भी स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने या उपद्रव करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।




