बीबीएन, बीकानेर | पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए तस्करों के विरुद्ध कड़ा एक्शन लिया है। प्रदेश में चलाए गए विशेष अभियान के तहत रेंज के हनुमानगढ़ जिले के टाउन क्षेत्र में भारतमाला रोड पर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थों के साथ अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान लगभग 6 किलो सिंथेटिक ड्रग और 3 किलो पारंपरिक मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। यह कार्रवाई जिले में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग रिकवरी मानी जा रही है। मौके से दो संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लिया गया, जिनके पास से एक देसी पिस्तौल मिलने की भी पुष्टि हुई है।
बताया जा रहा है कि तस्कर इन मादक पदार्थों को लंबी दूरी पर सप्लाई करने की फिराक में थे। भारतमाला रोड जैसे रणनीतिक मार्ग का इस्तेमाल कर यह खेप अन्य राज्यों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और आने वाले समय में और गिरफ्तारियों की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आज दोपहर एक बजे विस्तृत प्रेस ब्रीफिंग के जरिए पूरे ऑपरेशन से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद जिलेभर में नशा तस्करों के बीच अफरा-तफरी का माहौल है, वहीं आमजन ने पुलिस की इस सख्त पहल की सराहना की है।


