बीबीएन, बीकानेर | राजस्थान के औद्योगिक ढांचे को अधिक पारदर्शी और समयानुकूल बनाने की दिशा में रीको ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उद्योगिक क्षेत्रों में आवंटित भूखण्डों पर एक अनुमत गतिविधि से दूसरी अनुमत गतिविधि में परिवर्तन अब ऑनलाइन पोर्टल के ज़रिए संभव हो गया है।
नए सिस्टम से न केवल प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी बल्कि निवेश और रोजगार सृजन के नए अवसर भी बढ़ेंगे। आदेश के मुताबिक 26 नवम्बर 2025 से पोर्टल पर आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं, जिसके लिए 25,000 रुपये शुल्क और आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रखे गए हैं।
रीको का डिजिटल बदलाव:
बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया और सचिव वीरेंद्र किराड़ू के अनुसार रीको के निदेशक मंडल द्वारा लिए गए निर्णय के बाद, भू-निपटान नियम 1979 के नियम 20(सी) में संशोधन के आधार पर यह नई सुविधा लागू की गई है। इसके तहत पट्टाधारी अब अपने एसएसओ आईडी से रीको ERP पोर्टल में लॉगिन कर गतिविधि परिवर्तन हेतु आवेदन कर सकते हैं।
प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद निर्धारित राशि जमा होते ही गतिविधि परिवर्तन की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया “फर्स्ट कम, फर्स्ट आउट (FIFO)” के सिद्धांत पर चलेगी, जिससे पारदर्शिता और गति दोनों सुनिश्चित होंगी।
सरकार को राजस्व लाभ, उद्योगों को नई संभावनाएँ
रीको की इस पहल से पट्टाधारी अपने भूखण्डों पर नई अनुमत गतिविधियों का संचालन सुगमता से कर सकेंगे, जिससे राज्य सरकार के राजस्व में वृद्धि होगी। साथ ही, औद्योगिक क्षेत्रों में विविधता बढ़ने से नए निवेश, नवीनीकरण और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। रीको की विस्तृत गाइडलाइन उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध है।



