बीबीएन, बीकानेर | अणुविभा द्वारा प्रकाशित “तुलसी अणुव्रत सिंहनाद विशेषांक” की एक प्रति प्रसिद्ध ब्रह्माकुमारी मोटिवेशनल स्पीकर बीके शिवानी को भेंट की गई। यह विशेषांक अणुव्रत पत्रिका की 70 वर्षों की वैचारिक यात्रा, अणुव्रत आंदोलन के प्रवर्तक आचार्य तुलसी के 100वें दीक्षा दिवस और 111वीं जन्म जयंती के स्मरणोत्सव के अवसर पर प्रकाशित किया गया है।
इस अवसर पर अणुव्रत की जीवनोपयोगी, नैतिक और आध्यात्मिक विचारधारा पर आत्मीय चर्चा हुई। शिवानी को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के प्रतीक के रूप में ईको-फ्रेंडली कैरी बैग भी भेंट किया गया, जो सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संकेत है।
अणुविभा के पर्यावरण जागरूकता अभियान की राष्ट्रीय संयोजिका नीलम जैन ने अणुव्रत आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके नैतिक-आध्यात्मिक मूल्यों और अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी द्वारा संचालित पर्यावरणीय प्रयासों, जन-जागरूकता अभियानों तथा सामाजिक चेतना को सशक्त करने वाली गतिविधियों की जानकारी साझा की। संवाद के दौरान आचार्य तुलसी द्वारा प्रतिपादित आत्मानुशासन, संयम और नैतिक आचरण की प्रासंगिकता पर भी विचार-विमर्श हुआ, जिसे वर्तमान सामाजिक परिदृश्य में अत्यंत उपयोगी बताया गया।


