बीबीएन, बीकानेर | बीकानेर संभाग के मरीजों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का रास्ता अब और आसान हो गया है। पीबीएम अस्पताल बीकानेर में 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार की गई अत्याधुनिक मेडिसिन विंग को जल्द ही आमजन की सेवा में सौंपा जाएगा। इस दिशा में जयपुर स्थित आरयूएचएस में राज्य सरकार और सी एम मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय आरोग्य शिविर के दौरान यह एमओयू संपन्न हुआ। इस अवसर पर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मंत्री जोगाराम पटेल, प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायित्री राठौड़, चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त नरेश गोयल तथा ट्रस्ट की ओर से कन्हैयालाल मूंधड़ा और देवकिशन मूंधड़ा उपस्थित रहे।
समझौते के तहत सी एम मूंधड़ा चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा निर्मित मेडिसिन विंग को शीघ्र ही राज्य सरकार को हस्तांतरित किया जाएगा। इसके बाद अस्पताल में संचालित सभी व्यवस्थाओं का संचालन ट्रस्ट और पीबीएम अस्पताल के संयुक्त समन्वय से किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस नई मेडिसिन विंग का औपचारिक उद्घाटन कर इसे पूरी तरह जनता को समर्पित किया जाएगा। इस पहल से न केवल बीकानेर बल्कि पूरे संभाग के मरीजों को उच्चस्तरीय उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी। ट्रस्ट की यह पहल सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
—


