बीबीएन,बीकानेर। सूबे में मई और जून 2026 के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी और सार्वजनिक परीक्षाओं के सफल संचालन को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय, बीकानेर ने सरकारी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रधानों, पीईईओ और यूसीईओ को आदेश जारी कर कहा है कि परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले कार्मिक बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। साथ ही ग्रीष्मावकाश के दौरान भी परीक्षा संबंधी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) तथा अन्य विभागीय परीक्षाएं मई और जून 2026 में प्रस्तावित हैं। इन परीक्षाओं के संचालन के लिए जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शिक्षकों और अन्य कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
आदेश में कहा गया है कि 17 मई 2026 से ग्रीष्मावकाश शुरू होने के बावजूद परीक्षा कार्य में लगाए गए कार्मिकों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। संस्था प्रधानों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को परीक्षा ड्यूटी के लिए उपलब्ध रखें तथा बिना पूर्व अनुमति किसी भी कर्मचारी को मुख्यालय छोड़ने की अनुमति न दें।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी को सक्षम स्तर से मुख्यालय छोड़ने की अनुमति दी गई हो, तो उसके स्थान पर दूसरे कर्मचारी की उपलब्धता सुनिश्चित करना संबंधित संस्था प्रधान और पीईईओ की जिम्मेदारी होगी। परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए विभाग ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा है।
शिक्षा विभाग के इस आदेश को आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रदेशभर में लगातार बढ़ रही परीक्षा व्यवस्थाओं के बीच विभाग अब परीक्षा ड्यूटी को लेकर किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं चाहता।




