🔴 राजस्थान की तीसरी सेना भर्ती रैली में उमड़ा जनसैलाब, 90% से अधिक युवाओं ने दी हाज़िरी
बीबीएन, नेटवर्क। राजस्थान की तीसरी सेना भर्ती रैली का कोटा में गुरुवार को सफल समापन हुआ। महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम, नयापुरा में 30 अक्टूबर से 6 नवंबर तक चली इस रैली में राज्य के 17 जिलों ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, दौसा, झालावाड़, करौली, कोटा, पाली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, सवाई माधोपुर, टोंक और उदयपुर के हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भारी बारिश के बावजूद युवाओं का जोश कम नहीं हुआ। करीब 90 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों की उपस्थिति दर्ज की गई। रैली के दौरान ड्रग टेस्ट भी अनिवार्य रूप से किया गया ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी उम्मीदवार शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए अनुचित साधनों का प्रयोग न करे।
भर्ती कार्यालय, कोटा की ओर से दलाली और धोखाधड़ी के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए ताकि किसी भी अभ्यर्थी को फर्जी दलालों के झांसे में न आना पड़े। वहीं, मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर ने नागरिक प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अलवर, सीकर और कोटा में आयोजित तीनों भर्ती रैलियों के समापन के साथ भर्ती वर्ष 2025-26 की प्रथम चरण की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब इन रैलियों के अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को 15 दिसंबर 2025 और 5 जनवरी 2026 से संबंधित रेजिमेंटल केंद्रों पर प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा।
—



