बीबीएन,बीकानेर,। दस फरवरी को आयोजित होने वाले पुष्करणा समाज के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने वाली जरूरतमंद कन्याओं को सहयोग देने के लिए स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाएं आगे आ रही हैं। इस क्रम में मंगलवार को केशरी नंद सेवा समिति ने समाज की 45 जरूरतमंद कन्याओं के परिजनों को विवाह में दाल-सब्जी आदि सामान रखने के लिए आठ प्रकार के बर्तनों का सेट भेंट किया। यह वितरण समिति के बीके स्कूल पीछे स्थित कार्यालय में किया गया।
समिति के अध्यक्ष रामनारायण आचार्य ने बताया कि यह परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है और प्रत्येक सामूहिक विवाह (सावा) के अवसर पर जरूरतमंद कन्याओं को उपयोगी सामान वितरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य न सिर्फ विवाह में सहयोग करना है, बल्कि समय-समय पर अन्य सामाजिक कार्यों के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करना भी है।
इस अवसर पर समिति के सचिव सुनील दत्त ओझा, कोषाध्यक्ष नवल आचार्य, कृष्णकांत पुरोहित, किशन ओझा, शशिकुमार व्यास, सरोज देवी आचार्य, संगीता आचार्य और कौशल्या पुरोहित सहित कई सदस्य उपस्थित थे। समिति के सदस्यों ने कहा कि यह छोटा सा प्रयास समाज में साझेदारी और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। यह पहल समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग को विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार में आर्थिक बोझ से कुछ राहत प्रदान करने का प्रयास है। आगामी सामूहिक विवाह समारोह में कई सौ जोड़े परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं, ऐसे में इस तरह के सामुदायिक सहयोग का विशेष महत्व है।
—

