बीबीएन, बीकानेर। आपराधिक आंकड़ों में अग्रणी बन रही बीकानेर रेंज से फिर एक बार बड़ा मामला सामने आया है। चर्चित 1100 करोड़ रुपये की बड़ी साइबर ठगी के मामले के तार बीकानेर रेंज के अनूपगढ़ थाना हल्के से जुड़े है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस जांच में इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र के सुनील कुमार को बताया जा रहा है।
आरोप है कि उसके द्वारा जारी किए गए सैकड़ों सिम कार्ड निवेश और व्यापार के झांसे में ठगी करने वालों के हाथ लगे और वे कंबोडिया से सक्रिय होकर देशभर के लोगों को निशाना बनाने लगे। इस विशाल धोखाधड़ी में अब तक छह लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
जोधपुर पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश के नेतृत्व में शुरू हुई जांच ने इस भीमकाय साइबर अपराध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जांच के मुताबिक, सितंबर से नवंबर 2025 के बीच कंबोडिया में रोमिंग पर सक्रिय 36 हजार भारतीय सिम कार्डों में से 5378 सिम कार्ड्स का सीधे तौर पर ठगी के लिए इस्तेमाल किया गया। इन सिम कार्ड्स के जरिए फर्जी कॉल सेंटरों से फोन करके लोगों को निवेश का झांसा देकर करोड़ों रुपये लूटे गए।
32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैला था जाल
यह साइबर ठगी रैकेट देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैला हुआ था। सबसे ज्यादा नुकसान महाराष्ट्र को हुआ है, जहां 1132 सिम कार्ड्स के जरिए लगभग 224 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इसी तरह तमिलनाडु में 756 सिम कार्ड्स से सैकड़ों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी हुई है।
मामला सामने आने के बाद अब श्रीगंगानगर साइबर थाने में भी केस दर्ज कर लिया गया है और जांच की जिम्मेदारी साइबर थाने के कार्यवाहक प्रभारी पुलिस निरीक्षक सतवीर मीणा को सौंपी गई है। जोधपुर पुलिस भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की मदद से इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सिम कार्ड सप्लाई चेन में शामिल और संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है।



