⭕ रक्षा सौदों में कथित भ्रष्टाचार: CBI हिरासत में अधिकारी व बिचौलिया
बीबीएन, बीकानेर | रक्षा मंत्रालय से जुड़े एक कथित रिश्वतखोरी प्रकरण में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की कार्रवाई ने देशभर में हलचल मचा दी है। इस मामले का सीधा संबंध बीकानेर रेंज से भी सामने आया है। CBI की जांच में एक लेफ्टिनेंट कर्नल की गिरफ्तारी, दिल्ली व अन्य शहरों में भारी नकदी की बरामदगी और श्रीगंगानगर में तैनात एक वरिष्ठ महिला अधिकारी के आवास से मिली रकम ने मामले को संवेदनशील बना दिया है। एजेंसी ने इसे रक्षा आपूर्ति से जुड़े निजी हितों को अनुचित लाभ पहुंचाने की साजिश बताया है।
ये है पूरा मामला
CBI ने रक्षा मंत्रालय से जुड़े एक कथित भ्रष्टाचार मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एजेंसी के अनुसार, बेंगलुरु स्थित एक निजी कंपनी से कथित तौर पर तीन लाख रुपये की रिश्वत ली गई थी। जांच के दौरान दिल्ली स्थित आवास से बड़ी मात्रा में नकदी और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई का राजस्थान से जुड़ा पहलू तब सामने आया, जब CBI ने श्रीगंगानगर में तलाशी अभियान चलाया। यहां डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट (DOU) में कमांडिंग ऑफिसर के रूप में तैनात कर्नल काजल बाली के आवास से दस लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई। CBI ने प्रेस नोट में स्पष्ट किया है कि इस मामले में उनके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई के तहत मामला दर्ज किया गया है।
CBI का कहना है कि यह पूरा प्रकरण रक्षा उत्पादों के निर्माण और निर्यात से जुड़े ठेकों में कथित रूप से निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने की कोशिश से जुड़ा है। जांच में एक कथित बिचौलिया विनोद कुमार की भूमिका भी सामने आई है, जिसे रिश्वत की रकम पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एजेंसी ने दिल्ली, बेंगलुरु, जम्मू और राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 दिसंबर तक CBI हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसी ने साफ किया है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच जारी है और आगे और खुलासे संभव हैं।


