बीबीएन,बीकानेर। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित पहली वर्ल्ड योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2026 में बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ की अंतरराष्ट्रीय योग खिलाड़ी आर्यांशी स्वामी ने दो स्वर्ण पदक जीतकर देश और राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। भारत की ओर से खेलते हुए आर्यांशी ने आर्टिस्टिक पेयर और आर्टिस्टिक ग्रुप स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। इतना ही नहीं, आर्टिस्टिक पेयर वर्ग में 96 अंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी साथी मनीषा के साथ नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया। 70 देशों के 600 से अधिक खिलाड़ियों के बीच मिली यह उपलब्धि न केवल राजस्थान बल्कि भारतीय योगासन खेलों के लिए भी ऐतिहासिक मानी जा रही है।
विश्व मंच पर बीकानेर की बेटी का दमदार प्रदर्शन
4 से 8 जून तक आयोजित इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में आर्यांशी स्वामी राजस्थान से सीनियर वर्ग में भाग लेने वाली एकमात्र खिलाड़ी थीं। उन्होंने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए दोनों इवेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबलों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में फाइनल तक पहुंची आठ देशों की टीमों में भारतीय जोड़ी ने 96 अंक हासिल कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया। इस वर्ग में उज्बेकिस्तान दूसरे स्थान पर रहा, जबकि जाम्बिया, केन्या, मलेशिया, श्रीलंका, मॉरिशस और ओमान की टीमें क्रमशः पीछे रहीं।
पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत का दबदबा
अहमदाबाद में आयोजित इस पहली विश्व योगासन चैंपियनशिप का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश के साथ हुआ। प्रतियोगिता में भारत सहित 70 देशों के 600 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया पदक तालिका में भारत ने 114 पदकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर विश्व विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। जापान 11 पदकों के साथ दूसरे और अर्जेंटीना 5 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह आंकड़ा बताता है कि योगासन खेलों में भारत अभी भी वैश्विक नेतृत्व की स्थिति में है।
परिवार और गुरुकुल को दिया सफलता का श्रेय
आर्यांशी स्वामी ने अपनी जीत को भारत माता को समर्पित करते हुए इसका श्रेय परिवार और चोटीपुरा गुरुकुल को दिया। वे अमित आर्य की पुत्री और भाजपा नेता शिव स्वामी की पौत्री हैं। वर्षों के अनुशासित अभ्यास और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव का परिणाम इस विश्व स्तरीय सफलता के रूप में सामने आया है।
10 जून को होगा भव्य स्वागत
विश्व चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीतकर लौट रही आर्यांशी स्वामी बुधवार, 10 जून को सुबह 10 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। इसके बाद उनके श्रीडूंगरगढ़ आगमन पर विभिन्न सामाजिक, खेल और शैक्षणिक संगठनों की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनकी उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।




