बीबीएन, नेटवर्क। सेना की ओर से आयोजित “रिवर्स नेशनल इंटीग्रेशन टूर” के तहत आर्मी पब्लिक स्कूल जयपुर के विद्यार्थियों का दल इन दिनों जम्मू-कश्मीर के सीमांत और संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर रहा है। 10 से 17 मई तक चल रहे इस विशेष शैक्षणिक एवं राष्ट्र जागरण अभियान का संचालन मुख्यालय दक्षिण पश्चिमी कमान के तत्वावधान में किया जा रहा है, जबकि इसका समन्वय ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन और उत्तरी कमान द्वारा किया जा रहा है।
इस राष्ट्रीय एकता यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात सेना की कार्यशैली, आधुनिक सैन्य तकनीक, सामुदायिक सहभागिता और सैनिक जीवन को बेहद करीब से देखा। छात्रों ने अत्याधुनिक रिमोटली पायलटेड एयरक्राफ्ट तथा अनमैन्ड एरियल व्हीकल (यूएवी) प्रणालियों की क्षमताओं का अवलोकन किया और यह समझा कि आधुनिक युद्ध प्रणाली में तकनीक किस प्रकार निर्णायक भूमिका निभा रही है।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग से संवाद कर सेना के दायित्वों, सीमाओं की चुनौतियों और राष्ट्र सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त छात्र दल ने राजौरी स्थित कम्युनिटी रेडियो स्टेशन का भ्रमण कर स्थानीय सहभागिता कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
विद्यार्थियों ने Army Goodwill Public School Rajouri के छात्रों से संवाद स्थापित कर सांस्कृतिक और सामाजिक अनुभव साझा किए। इस दौरान छात्रों को सीमांत क्षेत्रों के जनजीवन, शिक्षा व्यवस्था और सैनिकों के अनुशासित जीवन को समझने का अवसर मिला।
यात्रा के एक अन्य महत्वपूर्ण चरण में छात्रों ने आर्टिलरी रेजिमेंट की युद्धक क्षमता और मारक शक्ति का प्रत्यक्ष प्रदर्शन देखा। सेना के अधिकारियों ने उन्हें आधुनिक हथियार प्रणालियों, रणनीतिक तैयारियों और युद्धक्षेत्र में समन्वय की जानकारी भी दी। यह “रिवर्स नेशनल इंटीग्रेशन टूर” केवल एक शैक्षणिक भ्रमण नहीं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता और सैन्य मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। सीमाओं के कठिन जीवन को निकट से देखने के बाद छात्रों में देशसेवा और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति विशेष उत्साह दिखाई दिया।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन के अनुसार, इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को देश की सुरक्षा व्यवस्था और सीमांत जीवन की वास्तविकताओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




