🔴 लॉरेंस, गोल्डी और गोदारा गैंग की विदेश कड़ी पर AGTF का वार, अब नहीं बच पाएंगे अपराधी
बीबीएन, नेटवर्क। सूबे में संगठित अपराध के जाल को तोड़ने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गठित एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा जैसे गैंगस्टरों के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए यह फोर्स उनके विदेशी ठिकानों तक पहुंच बना चुकी है।
राज्य के एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि AGTF ने इन गैंग्स से जुड़े 12 वांटेड अपराधियों की पहचान की है। इनमें से कई दुबई, अमेरिका और कनाडा जैसे देशों में डंकी रूट और फर्जी पहचान पत्रों के सहारे छिपे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, आनंदपाल गैंग का सुभाष बराल उर्फ सुभाष मूंड और उसका बिजनेस पार्टनर ईश्वर कुमावत दुबई में मौजूद हैं। वहीं, राहुल रिणाउ उर्फ राहुल स्वामी, जो रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा है, भी फर्जी पासपोर्ट से विदेश भाग गया है।
AGTF की रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड का आरोपी महेंद्र मेघवाल और अलवर का कुख्यात हैरी बॉक्सर (हरिचंद) भी विदेशों में सक्रिय हैं। इन सभी के खिलाफ इंटरपोल (Interpol) ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए हैं।एडीजी दिनेश एम.एन. ने बताया कि टास्क फोर्स के प्रयासों से पिछले एक वर्ष में पांच बड़े गैंगस्टर विदेशों में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें गोल्डी बराड़, रोहित गोदारा, जगदीप उर्फ जग्गा, अमित शर्मा उर्फ जैक पंडित, आदित्य जैन उर्फ टोनी, अमरजीत बिश्नोई और सुधा कंवर जैसे नाम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस अब इन अपराधियों की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करने की रणनीति पर काम कर रही है ताकि राज्य में अपराध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
—



