बीबीएन, नेटवर्क। सूबे में अपराधी इस कदर हावी है कि अब दिन दहाड़े हत्या जैसे संगीन अपराधों को बेख़ौफ़ अंजाम दिया जा रहा है। एक राजनीतिक पार्टी के नामी नेता के भाई की पीट पीट कर निर्मम हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अनिल (28) के रूप में हुई है, जो बाप (BAP) नेता अशोक निनामा के भाई थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अनिल की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देखा है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। मामला बांसवाडा जिले का है।
मध्य रात्रि को हुआ घटनाक्रम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना सोमवार देर रात खमेरा थाना क्षेत्र के कलिमगरा गांव के पास की है। मृतक अनिल अपने निवास बांसलिखेड़ा से करीब 6 किलोमीटर दूर झाड़ियों में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाए गए थे। अशोक निनामा का दावा है कि रात करीब 2 बजे उन्हें स्थानीय सरपंच प्रकाश का फोन आया, जिसने अनिल की लोकेशन बताते हुए उन्हें वहां से ले जाने को कहा।
परिजनों का आरोप: घसीटकर पीटा गया
जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने अनिल को झाड़ियों में दर्द से कराहते हुए पाया। परिजनों के मुताबिक, अनिल ने दम तोड़ने से पहले बताया था कि उसे रात करीब 12:30 बजे से लगातार घसीटकर पीटा गया। उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांसवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान अनिल की मृत्यु हो गई।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच के बिंदु
घाटोल डिप्टी महेंद्र मेघवंशी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। एसपी सुधीर जोशी के निर्देशानुसार, पुलिस की एक टीम घटनास्थल के साक्ष्य जुटा रही है और सरपंच के फोन कॉल की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना के बाद घायल अनिल का संक्षिप्त बयान भी दर्ज किया था, जिसे अब मुख्य साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है। वर्तमान में पुलिस कॉल डिटेल्स और स्थानीय मुखबिरों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

