बीबीएन, नेटवर्क। दक्षिण श्रीनगर के नौगाम पुलिस स्टेशन में देर रात एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 29 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब पुलिस की रूटीन जांच प्रक्रिया के तहत फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम, स्थानीय पुलिसकर्मी और एक तहसीलदार मिलकर सैंपलिंग का कार्य कर रहे थे। प्रारंभिक रिपोर्टों में धमाके को “भारी विस्फोट” बताया गया, लेकिन जम्मू-कश्मीर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कोई आतंकवादी हमला नहीं, बल्कि आकस्मिक घटना थी।
घटना रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर हुई और धमाके की गूंज दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद थाने के पार्किंग क्षेत्र में भीषण आग भड़क उठी, जिससे कई वाहन जिनमें पुलिस की गाड़ियां भी शामिल थीं जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। उछला हुआ मलबा थाने परिसर से बाहर तक फैला और आसपास के घरों की खिड़कियां टूट गईं, जिसमें रावलपोरा इलाका भी प्रभावित हुआ।
धुएं का घना गुबार देर रात तक आसमान में दिखाई देता रहा और स्थानीय लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। राहत और बचाव दलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
पुलिस ने कहा है कि घटना के विस्तृत कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक अनुमान यही है कि विस्फोट निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान रखे गए किसी संवेदनशील सामग्री के अनियंत्रित रूप से सक्रिय होने से हुआ।
—


