बीबीएन, नेटवर्क। राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर हुए बहुचर्चित उपचुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित कर दिए गए। सुबह शुरू हुई मतगणना के साथ ही रुझान कांग्रेस के पक्ष में जाने लगे और अंतिम दौर तक पहुँचते-पहुँचते कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया ने निर्णायक बढ़त बना ली। यह सीट भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा की अयोग्यता के कारण रिक्त हुई थी, जिसके बाद 11 नवंबर को मतदान संपन्न हुआ था। मतदान प्रतिशत भी उल्लेखनीय रहा और 80.21 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने उपचुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा उम्मीदवार मोरपाल सुमन को 15,612 वोटों के विशाल अंतर से मात दी। मतगणना पूरी होने पर भाया को कुल 69,571 वोट मिले, जबकि भाजपा के मोरपाल सुमन को 53,959 वोट प्राप्त हुए। वहीं निर्दलीय नरेश मीणा 53,800 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अंता उपचुनाव में कुल 15 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन मुकाबला सीधा कांग्रेस और भाजपा के बीच ही नजर आया। अंतिम दौर तक कांग्रेस समर्थक जश्न में डूबे रहे और पार्टी नेताओं ने इस नतीजे को जनता के भरोसे की जीत बताया।
—


