बीबीएन, नेटवर्क। राजधानी दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद राजस्थान में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और पुलिसकर्मियों की सभी छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा सहित राज्य के सभी बड़े शहरों में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान ने भी दिल्ली में हुए धमाके के बाद अपनी सुरक्षा चिंता जताई है और राजस्थान से सटे लगभग 1000 किलोमीटर लंबे बॉर्डर क्षेत्र में अपनी वायुसेना की पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने सोमवार शाम से ही सीमा क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता और निगरानी का आदेश जारी किया है राजस्थान पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी तैयारी बढ़ा दी है। अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह के बाहर आरएसी के जवान तैनात किए गए हैं। एटीएस के आईजी विकास कुमार ने बताया कि राज्यभर में हाई अलर्ट है और सभी एजेंसियां अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बनाए हुए हैं।
राज्य के प्रमुख शहरों में विशेष जांच अभियान जारी है। होटल, धर्मशालाओं और लॉज में ठहरने वाले लोगों की जानकारी एकत्र की जा रही है। भीलवाड़ा में संवेदनशील इलाकों में नाकाबंदी और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह सतर्कता अभियान निरंतर जारी रहेगा। जयपुर में चांदपोल दरवाजा, सांगानेरी गेट और बड़ी चौपड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर कड़ी नाकाबंदी की गई है। राजस्थान के बाहर से आने वाले वाहनों की विशेष जांच की जा रही है और अभय कमांड सेंटर से रीयल टाइम निगरानी रखी जा रही है।
राज्य पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या एटीएस कंट्रोल रूम को दें। साथ ही, भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने और सतर्क रहने का आग्रह किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, दिल्ली ब्लास्ट के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और शीर्ष अधिकारियों की रात में बैठक हुई, जिसमें बॉर्डर सुरक्षा और संभावित खतरों की समीक्षा की गई। राजस्थान सीमा पर वायुसेना की बढ़ी गश्त उसी निर्णय का हिस्सा है।
—



