बीबीएन,बीकानेर। पीबीएम अस्पताल परिसर में जरूरतमंदों और बाहर से आने वाले मरीजों के परिजनों के लिए बड़ा राहत केंद्र शुरू हुआ है। गोमा देवी चेरिटेबल ट्रस्ट, रोटरी रॉयल्स और मारवाड़ जन सेवा समिति के संयुक्त प्रयास से चार माह के लिए यह विशेष रैन बसेरा सुविधा शुरू की गई है। शुभारंभ अवसर पर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर अखिल रंजन गर्ग, एसपीएमसी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा और अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने इस सेवा को “जनकल्याण का आदर्श उदाहरण” बताया।
अधिकारियों ने कहा कि सर्द मौसम में बाहर से आने वाले मरीजों के परिजनों को यह रैन बसेरा अत्यंत राहत देगा। इस शिविर में 400 लोगों के रुकने की व्यवस्था की गई है, जिसमें बिस्तर, रजाई, तकिया, चाय, नाश्ता और गर्म पानी की सुविधा निशुल्क उपलब्ध होगी। नगर निगम के सहयोग से चल रहे इस शिविर में पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है, जिसमें सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई और पंजीकरण प्रणाली शामिल हैं।
गोमा देवी ट्रस्ट व रोटरी रॉयल्स के अध्यक्ष सुनील चमड़िया ने बताया कि तीनों अतिथियों ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और परिसर का अवलोकन किया। शिविर परिसर में मंदिर भी स्थापित किया गया है, जहां अतिथियों ने पूजा अर्चना कर आयोजकों को साधुवाद दिया। मारवाड़ जन सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश व्यास ने कहा कि यह सेवा बीकानेर की “सेवा संस्कृति” को दर्शाती है। शिविर में रात बिताने वालों के लिए आधार कार्ड आवश्यक होगा, परंतु किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर रोटरी क्लब के पूर्व सह प्रांतपाल डॉ. मनोज कुड़ी, कोषाध्यक्ष जगदीप ओबेरॉय, नितेश रंगा, हरदीप सिंह, ऋषभ जैन, अंकुश चमड़िया, श्याम बन, मुनीराम, चंदन ठाकुर, महेंद्र चांवरिया, संजय चांवरिया और विनोद पांडे सहित कई समाजसेवी उपस्थित रहे।



