🔴 पीएम मोदी ने कहा ‘नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा’
बीबीएन, नेटवर्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रच दिया। आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने टीम को बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा “टीम इंडिया की शानदार जीत! फाइनल में उनका प्रदर्शन अद्भुत कौशल और आत्मविश्वास से भरा रहा। खिलाड़ियों का यह जज़्बा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।”
गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा — “विश्व विजेता टीम इंडिया को सलाम! आपकी यह उपलब्धि करोड़ों भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है। आपने नई पीढ़ी की बेटियों को बड़ा सपना देखने की हिम्मत दी है।”
मैच में दीप्ति शर्मा भारतीय टीम की नायिका रहीं। उन्होंने बल्ले से 58 रन बनाए और गेंदबाजी में पांच विकेट लेकर भारत की जीत सुनिश्चित की। शेफाली वर्मा ने 87 रन की पारी खेली, जबकि ऋचा घोष और हरमनप्रीत कौर ने भी अहम योगदान दिया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 298 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर सिमट गई। कप्तान लॉरा वुलफार्ट का शतक भी टीम को हार से नहीं बचा सका। यह जीत न केवल महिला क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गई है, बल्कि भारत में महिला खिलाड़ियों के लिए नए युग की शुरुआत भी कर गई है।
—





