शिवशक्ति साधना से महकेगा अमरेश्वर धाम , पांच दिवसीय अनुष्ठान में जुटेंगे संत और श्रद्धालु
बीबीएन,बीकानेर, 25 अक्टूबर। भारतीय संस्कृति और संस्कारों की रक्षा के उद्देश्य से पं. बाबूलाल शास्त्री ज्योतिष बोध संस्थान के तत्वावधान में 21 कुण्डात्मक रूद्रचंडी महायज्ञ तथा सवा करोड़ शिवशक्ति मंत्र अनुष्ठान का आयोजन 30 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक अमरेश्वर महादेव मंदिर, हर्षोल्लाव तालाब परिसर में किया जाएगा।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए संस्थान के पं. राजेन्द्र किराडू ने बताया कि यज्ञ में 21 यजमान सम्मिलित होंगे, जिनके साथ 108 वैदिक पंडित वैदिक रीति से यज्ञ सम्पन्न करवाएंगे। इनमें से 11 यजमान प्रवासी बीकानेरी होंगे, जो मुंबई, दिल्ली, सूरत सहित विभिन्न नगरों से विशेष रूप से भाग लेने आ रहे हैं। शेष यजमान स्थानीय होंगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक श्रद्धालु भी यज्ञ में आहूति प्रदान कर सकेंगे।
पांच दिवसीय अनुष्ठान की रूपरेखा
किराडू ने बताया कि पांच दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन अक्षतार्चन, पुष्पार्चन, बिल्वार्चन, कमलार्चन, भस्मार्चन, मंत्र पुरश्चरण, दीपदान तथा संध्याकालीन संगीत आरती का आयोजन होगा। प्रत्येक दिवस किसी संतश्री का प्रवचन भी होगा। इस अवसर पर ऋषिकेश से विशोकानंद जी महाराज, बनारस से सर्वेश्वरानंद महाराज, श्रीधर महाराज, सत्यनाथ महाराज, विमर्शानंद महाराज और श्यामसुंदर महाराज सहित अनेक संतों के आगमन की संभावना है।
ध्वज पूजन और बैनर विमोचन से प्रारंभ हुई तैयारियां
महायज्ञ की तैयारियों का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्यामसुंदर महाराज के सान्निध्य में ध्वज पूजन एवं बैनर विमोचन के साथ हुआ। इस अवसर पर अमरेश्वर महादेव ट्रस्ट के ओकारनाथ हर्ष, सुशील किराडू, अशोक किराडू, विमल किराडू सहित अनेक वैदिक ब्राह्मण उपस्थित रहे।
—


