🔴 जयपुर के इटर्नल हॉस्पिटल ने किया कमाल
बीबीएन, नेटवर्क। चिकित्सा जगत में राजस्थान ने एक नई उपलब्धि दर्ज की है। जयपुर के इटर्नल हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने एक दिन के नवजात शिशु की जान उस बीमारी से बचाई है, जिसे अब तक दुनिया में सिर्फ 15–20 और भारत में केवल 2–3 बच्चों में देखा गया है। इस दुर्लभ बीमारी का नाम है कॉनजेनिटल हेपेटिक आर्टेरियोवीनस मालफॉर्मेशन (HAVM)।
यह राज्य में इस तरह का पहला सफल इलाज है। बच्चे के जन्म से पहले ही डॉक्टरों ने बीमारी की पहचान कर ली थी। गर्भावस्था के 32वें सप्ताह में सोनोग्राफी के दौरान लिवर में असामान्य नसों का गुच्छा दिखाई दिया, जो खून को सीधे हृदय की ओर भेज रहा था। इससे बच्चे का हृदय तेज़ी से कमजोर हो रहा था और हार्ट फेलियर की आशंका बढ़ गई थी।
समन्वित देखभाल ने बचाई जान
डॉ. ऋचा वैष्णव (गायनोकोलॉजी), डॉ. राजकुमार गोयल (पीडियाट्रिक्स एवं नियोनेटोलॉजी) और डॉ. अनुराग गुप्ता (इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विशेषज्ञ) की टीम ने फेटल मॉनिटरिंग के दौरान स्थिति की गंभीरता को पहचाना। जब स्थिति बिगड़ने लगी, तो समय रहते डिलीवरी करवाई गई और नवजात को एनआईसीयू में भर्ती किया गया।
बिना सर्जरी किया गया जीवनरक्षक इंटरवेंशन
डॉ. अनुराग गुप्ता की टीम ने बिना किसी सर्जरी के एक सूक्ष्म इंटरवेंशनल प्रोसीजर किया। बेहद पतली नस के माध्यम से कैथेटर लिवर तक पहुँचाया गया और असामान्य रक्त वाहिकाओं को मेडिकल-ग्रेड ग्लू से बंद किया गया। इस तकनीक से हृदय का दबाव घट गया और शिशु की हालत स्थिर हो गई। प्रोसीजर के बाद बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया और कुछ ही दिनों में वह मां का दूध लेने लगा।
‘टीमवर्क से मिली सफलता’
डॉ. अनुराग गुप्ता ने कहा, “इतने छोटे नवजात में यह प्रक्रिया करना बेहद चुनौतीपूर्ण था। एक सूक्ष्म गलती भी जानलेवा हो सकती थी, लेकिन सटीक योजना और तकनीकी सटीकता से सबकुछ सफल रहा।”
दुर्लभ बीमारी के इलाज में ऐतिहासिक उपलब्धि
HAVM जैसी जन्मजात बीमारी अक्सर जानलेवा साबित होती है। ऐसे में इटर्नल हॉस्पिटल की यह सफलता न केवल चिकित्सा विज्ञान के लिए, बल्कि राजस्थान के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भी एक मील का पत्थर है। इटर्नल हॉस्पिटल की को-चेयरपर्सन श्रीमती मंजू शर्मा और सीईओ डॉ. प्राचीश प्रकाश ने डॉक्टरों की टीम को बधाई देते हुए कहा, “यह उपलब्धि हमारे हॉस्पिटल की उन्नत तकनीक, अनुभवी डॉक्टरों और विश्वस्तरीय नवजात देखभाल का प्रमाण है।”
—



