बीबीएन,बीकानेर | सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बाल दिवस पर सीमावर्ती इलाके आनंदगढ़ के बच्चों को बड़ी सौगात दी है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आनंदगढ़ में बीएसएफ ने नया पुस्तकालय समर्पित कर विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए नई ऊर्जा भर दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को पाठ्यसामग्री और अन्य जरूरी शैक्षिक किट भी वितरित की गईं।
यह पहल क्षेत्रीय मुख्यालय बीकानेर के उप महानिरीक्षक अजय लूथरा की मौजूदगी में सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत की गई। मौके पर 179वीं वाहिनी के कमांडेंट विक्रम सिंह कुंवर, उप कमांडेंट सत्तार खान, सहायक कमांडेंट महेंद्र सिंह, कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर शिवकरण और एसआई (इंटेलिजेंस) तेजराम मीना सहित बीएसएफ के कई अधिकारी मौजूद रहे।
गांव के सरपंच दुरुस दान चारण और स्थानीय ग्रामीणों ने बीएसएफ के इस कदम को “सीमावर्ती बच्चों के भविष्य की सबसे बड़ी मदद” बताया। सरपंच ने कहा कि जिस तरह ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के दौरान बीएसएफ ने गांव वालों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई थी, उसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में यह योगदान भी अविस्मरणीय रहेगा।
उप महानिरीक्षक लूथरा ने स्पष्ट कहा कि बीएसएफ सिर्फ सीमा रक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि सीमावर्ती जनता की सुरक्षा और विकास भी उसकी प्राथमिकता है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका मुबीना माई और शिक्षकों ने भी बीएसएफ का आभार जताते हुए कहा कि यह पुस्तकालय बच्चों की पढ़ाई का पूरा माहौल बदल देगा।
—




