बीबीएन, नेटवर्क। राज्य में नए मुख्य सचिव के कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक हलकों में व्यापक फेरबदल का दौर शुरू हो गया है। राज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी आदेश में कुल 48 आईएएस अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं।
इस सूची में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर उद्योग एवं जिला स्तर तक कई अहम पद शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इस फेरबदल में किसी भी जिला कलेक्टर का नाम नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में एक और बड़ी सूची जारी होने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय में वरिष्ठ आईएएस अखिल अरोड़ा की नियुक्ति, शिखर अग्रवाल के नए दायित्व, तथा कोटा और भरतपुर के संभागीय आयुक्तों के बदलाव को राज्य प्रशासन के प्रभावी पुनर्गठन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों को नई भूमिकाएँ
1993 बैच के अनुभवी आईएएस अखिल अरोड़ा को मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार सौंपा गया है। वे पीएचईडी विभाग का दायित्व भी पूर्ववत संभालेंगे।
वहीं 1993 बैच के ही आईएएस शिखर अग्रवाल को उद्योग, एमएसएमई, राजकीय उपक्रम तथा विनियोजन सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही वे रीको व राजसीको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी संभालेंगे। यह बदलाव राज्य के औद्योगिक ढांचे में नई गति लाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भरतपुर और कोटा के संभागीय आयुक्त बदले
2010 बैच की आईएएस नलिनी कठोतिया को भरतपुर का नया संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस पद पर कार्यरत टीना सोनी को अब वित्त विभाग में शासन सचिव का दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार 2011 बैच के आईएएस अनिल कुमार अग्रवाल को कोटा संभाग का नया संभागीय आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले वे विभागीय जांच आयुक्त के रूप में कार्यरत थे। दोनों स्थानों पर हुए ये परिवर्तन प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाए गए कदम माने जा रहे हैं।
—





