⭕ जयपुर में स्पेशल एथलीट्स स्टेट गेम्स 2025 का धमाकेदार आगाज़
बीबीएन.नेटवर्क | राजस्थान में समावेशी खेल संस्कृति को नई रफ़्तार देते हुए स्पेशल ओलंपिक्स भारत और सप्त शक्ति AWWA 25–26 नवंबर को जयपुर मिलिट्री स्टेशन में स्टेट गेम्स एथलेटिक्स 2025 का आयोजन करने जा रहे हैं। दो दिनों तक चलने वाले इस भव्य इवेंट में राज्यभर से आए 232 विशेष खिलाड़ी अपनी ताक़त और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी करेंगी। वहीं आयोजन की गरिमा बढ़ाएंगी स्पेशल ओलंपिक्स इंडिया की अध्यक्ष डॉ. (श्रीमती) मल्लिका नड्डा, सप्त शक्ति कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, और AWWA सप्त शक्ति की रीजनल प्रेसिडेंट श्रीमती बरिंदरजीत कौर।
खिलाड़ी ट्रैक रेस, जैवलिन, शॉट पुट समेत सात प्रमुख इवेंट्स में हिस्सा लेंगे। दांव सिर्फ राज्य स्तरीय पदकों का नहीं, बल्कि दिल्ली में होने वाली नेशनल स्पेशल एथलीट्स मीट में राजस्थान टीम के चयन का भी होगा। यही मीट आगामी स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड समर गेम्स 2027 (USA) के लिए भारत की तैयारियों का अहम पड़ाव मानी जा रही है।
यह आयोजन साबित करता है कि खेल सिर्फ मुकाबला नहीं, बल्कि वह सेतु है जो विशेष क्षमताओं वाले युवाओं में आत्मविश्वास, सम्मान और बराबरी का एहसास मजबूत करता है। राजस्थान का यह कदम समावेशी और संवेदनशील समाज की दिशा में एक बड़ी पहल है।



