बीबीएन,बीकानेर। मूड़िया मालियों का मोहल्ला, जैन पाठशाला के पीछे नया कुआं सिटी कोतवाली क्षेत्र में चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य में लापरवाही के गंभीर आरोप सामने आए हैं। ज्ञानचंद सोनी ओर स्थानीय निवासियों का कहना है कि निर्माण के दौरान कार्यकर्ता पानी की पाइपलाइन तोड़ बैठे और उसे बिना ठीक किए मिट्टी डालकर ढक दिया। फिलहाल पानी का प्रवाह घरों के नीचे की ओर पहुंच गया, जिससे कई मकानों की नींव कमजोर हो गई और दीवारों में चौड़ी दरारें पड़ गईं। प्रभावित परिवारों का कहना है कि हालात इतने गंभीर हैं कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
निवासियों के अनुसार, निर्माण कंपनी द्वारा गली को पूरी तरह खोदने के बाद सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे सड़क लंबे समय से बंद पड़ी है। कई मकानों की नींव के नीचे की मिट्टी सरक चुकी है और घरों में पानी घुसने से संरचनात्मक क्षति का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण, नुकसान का तकनीकी मूल्यांकन और कंपनी द्वारा मुआवज़े की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो इसका प्रत्यक्ष दायित्व निर्माण कंपनी और स्थानीय प्रशासन का होगा। लोगों ने जिला कलेक्टर से इलाके में जल्द पहुंचकर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं सुरक्षा कदम उठाने की अपील की है।
—



