बीबीएन,बीकानेर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक ऐसी अनूठी पहल देखने को मिली जो स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधा का बेजोड़ संगम साबित हो रही है। बीकानेर जिला उद्योग संघ परिसर में आयोजित ‘मान-मनुहार’ कार्यक्रम के तहत ‘मनमोहक मटकी’ के साथ एक प्राकृतिक जल शोधन संयंत्र एवं शीतल जल के झरने की स्थापना की गई। इस संयंत्र का उद्देश्य देशी-विदेशी पर्यटकों और आम जनता को शुद्ध, प्राकृतिक रूप से ठंडा व स्वास्थ्यवर्धक पानी उपलब्ध कराना है, जिससे पेट सम्बंधी रोगों में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।
इस जनहितकारी परियोजना के लिए नौलखा परिवार के संदीप नौलखा को जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग और बीकानेर जिला उद्योग संघ की ओर से विशेष प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा ने इस पहल को ‘अनुकरणीय’ बताते हुए संदीप नौलखा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल न सिर्फ स्वास्थ्य के लिहाज से लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल और पारम्परिक जल संरक्षण तकनीक को बढ़ावा देने वाली भी है।
मुख्य अतिथि पूर्व नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका ने इस पहल को पर्यटन को प्रोत्साहन देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत, उद्योगपति श्रीराम सींगी, पूर्व प्रांतपाल राजेश चूरा और युवा उद्योगपति सतीश झंवर ने भी इसकी सराहना की। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि यह संयंत्र संघ परिसर में आने वाले हर व्यक्ति के लिए एक स्वास्थ्य-केंद्रित सुविधा साबित होगा। यह पहल प्लास्टिक कचरे को कम करने और प्राकृतिक जल स्रोतों के महत्व को रेखांकित करती है।

