बीबीएन, बीकानेर। सूबे के औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए उदयपुर में 20, 21 और 22 मार्च 2026 को तीन दिवसीय ‘राजस्थान इंडस्ट्रियल ट्रेड एक्सपो (RITEX)-2026’ का भव्य आयोजन होगा। बीकानेर जिला उद्योग संघ और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में बीएन कॉलेज ग्राउंड में होने वाले इस दूसरे संस्करण में देशभर के 250 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे और 30 से 35 हजार आगंतुकों के आने की संभावना है। यह प्रदर्शनी खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प, नवीकरणीय ऊर्जा, आयुष, एक जिला-एक उत्पाद (ODOP), जीआई उत्पादों, वस्त्र, मशीनरी और आभूषण सहित कई क्षेत्रों में व्यापार, निवेश और नवाचार के नए अवसर पैदा करेगी।
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने बताया कि इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) को नए बाजार, तकनीक और व्यापारिक संभावनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बीकानेर संभाग के अधिक से अधिक उद्योगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पीएचडी चैंबर के क्षेत्रीय निदेशक आर के गुप्ता के अनुसार, मध्य प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों के उद्योग भी इसमें हिस्सा लेंगे।
एक्सपो के दौरान तकनीकी सत्र और निवेश संवाद भी आयोजित किए जाएंगे, जिनसे युवा, महिला और ग्रामीण उद्यमियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके माध्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से नए व्यापारिक अवसर सृजित होंगे और राज्य की औद्योगिक पहचान को मजबूती मिलेगी।
—


