बीबीएन,बीकानेर। बीकानेर के प्रसिद्ध उद्योगपति और ‘भुजिया किंग’ के नाम से विख्यात फन्ना बाबू के निधन से न केवल राजस्थान बल्कि देशभर के उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को उद्योग जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए बीकानेर जिला उद्योग संघ ने 24 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आह्वान किया है।
औद्योगिक गतिविधियां रहेंगी स्थगित
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि फन्ना बाबू का योगदान उद्योग और समाज दोनों क्षेत्रों में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके सम्मान में जिले के सभी औद्योगिक इकाइयों को 24 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
बीकाजी को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका
उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि फन्ना बाबू के अनुभव और दूरदर्शिता के कारण ही ‘बीकाजी’ ब्रांड ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में बीकानेर का पारंपरिक स्वाद वैश्विक मंच तक पहुंचा और आज यह शहर की पहचान बन चुका है।
समाजसेवा और परोपकार में भी अग्रणी
किशन मूंधड़ा ने बताया कि फन्ना बाबू केवल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि एक उदार भामाशाह और समाजसेवी भी थे। सामाजिक, धार्मिक और परोपकारी कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उन्हें जन-जन के बीच सम्मान दिलाया।
युवा उद्यमियों के लिए प्रेरणास्त्रोत
उद्योग संघ के पदाधिकारियों के अनुसार फन्ना बाबू का व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। उनकी मेहनत, लगन और व्यावसायिक कौशल ने अनेक युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
देशभर में शोक, व्यक्तिगत क्षति का भी अहसास
वरिष्ठ उद्योगपतियों और सामाजिक संगठनों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि फन्ना बाबू का निधन व्यक्तिगत और सामूहिक दोनों स्तर पर क्षति है। उनके मिलनसार स्वभाव और सरल व्यक्तित्व को लंबे समय तक याद किया जाएगा।


