तुलसी–शालिग्राम संग होंगी रस्में
बीबीएन,बीकानेर, 28 अक्टूबर। सामाजिक एकता और सेवा की परंपरा को नई ऊंचाई देने जा रहा है बीकानेर का श्री विश्वकर्मा सुथार समाज। इस बार समाज अपने 13वें आदर्श सामूहिक विवाह समारोह को “महा उत्सव” का रूप देने जा रहा है, जो 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक धरणीधर परिसर में आयोजित होगा।
मंगलवार को एम.एम. ग्राउंड के पीछे विधायक जनसेवा केंद्र के पास समारोह के बैनर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष नवरत्न धामू ने बताया कि सुथार समाज ने सामूहिक विवाह को केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि सामाजिक मेला बनाने की दिशा में पहचान बनाई है। धामू ने कहा, “इस बार यह उत्सव सिर्फ विवाह का नहीं, समाज की आत्मीयता और परस्पर सम्मान का प्रतीक बनेगा।”
कार्यक्रम के दौरान समाज के भामाशाहों और विभूतियों का सम्मान भी किया जाएगा। विवाह से जुड़े सभी धार्मिक अनुष्ठान धरणीधर परिसर में संपन्न होंगे। समारोह में अतिथि के रूप में कानाराम, शंकर और धर्मचंद कुलरिया (सिलवा नोखा) तथा विशिष्ट अतिथि श्यामसुंदर नागल और छगनलाल नागल (भीनासर) उपस्थित रहेंगे।
समिति मंत्री शिवप्रकाश डोयल ने बताया कि समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी व्यवस्थाएं पर्यावरण–अनुकूल होंगी। भोजन और परोसने की सामग्री में ईको–फ्रेंडली डिस्पोज़ल का उपयोग किया जाएगा। समाज के युवा दिन–रात परिश्रम कर रहे हैं ताकि यह आयोजन एक मिसाल बन सके।


