🟥 हवाई प्रदर्शन के दौरान तेजस दुर्घटनाग्रस्त
बीबीएन, नेटवर्क। दुबई एयर शो में शुक्रवार को हवाई प्रदर्शन के दौरान भारतीय वायुसेना (IAF) के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में विमान का पायलट शहीद हो गया। वायुसेना ने कहा कि पायलट ने अंतिम क्षणों में विमान को घनी भीड़ से दूर मोड़कर कई लोगों की जान बचाई। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी गई है। वायुसेना ने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रारंभिक तकनीकी अनुमान सामने आए हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर की जांच के बाद ही संभव होगा।
फ्लाइट डेटा से स्पष्ट होगी सच्चाई
भारतीय वायुसेना के अनुसार, हवाई करतब के दौरान विमान ऊंचाई ग्रहण करते हुए एक जटिल ‘g-मेनूवर’ में प्रवेश कर सकता है, जिसके दौरान तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक स्रोतों के मुताबिक, पायलट ने कई मोड़ों के बाद विमान को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन सिस्टम की विफलता से विमान फ्लैट एटीट्यूड में जमीन से टकरा गया।
IAF ने दोहराया “यह सब अभी प्रारंभिक अनुमान हैं, लेकिन पायलट ने भीड़ को बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान की यह निर्विवाद सत्य है।”
कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित
वायुसेना द्वारा एक्स पर जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है और पूरा बल शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। घटना की गहन जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की पूरी जानकारी फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर के विश्लेषण के बाद ही सामने आएगी। IAF ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष को अंतिम नहीं माना जाएगा।
—



