बीबीएन, नेटवर्क । राजस्थान पुलिस ने बिना नंबरी गाड़ी से विस्फोटकों की एक ऐसी खेप पकड़ी है जो करीब 10 किलोमीटर की परिधि में बड़ी तबाही मचा सकती थी। इस मामले ने राजस्थान से लेकर दिल्ली तक सुरक्षा एजेंसियां के खेमे में हड़कंप मचा दिया। रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर की एक पिकअप को रोका तो अंदर से जिलेटिन की भारी मात्रा और दर्जनों डेटोनेटर बरामद हुए। किसी भी प्रकार के दस्तावेज़ या अनुमति-पत्र न होने पर पुलिस ने तुरंत दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया और वाहन को कब्जे में कर लिया। मामला राजसमंद जिले के श्रीनाथजी थाना क्षेत्र का है।
सूत्रों के अनुसार, पिकअप चालक और उसके साथी ने शुरू से ही पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच टीम को उनके हावभाव संदिग्ध लगे। तलाशी तेज़ होते ही विस्फोटक सामान मिलने लगा, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया।
बिना कागज़ात के भारी विस्फोटक
पुलिस पूछताछ में दोनों गिरफ्तार आरोपियों के पास न तो किसी तरह का लाइसेंस था और न ही कोई अनुमति-पत्र। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक का बिना अनुमति परिवहन बेहद गंभीर अपराध है और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। बरामद सामग्री को एफएसएल टीम को भेज दिया गया है। विशेषज्ञ यह जांच करेंगे कि आखिर यह विस्फोटक किस गुणवत्ता का है और इसका इस्तेमाल कहां होना था। विस्फोटक कहां से आया? किसके आदेश पर लाया जा रहा था? क्या इसका इस्तेमाल अवैध खनन में होना था या किसी अन्य गतिविधि में? सूत्रों की मानें तो पुलिस ने इलाके में कई जगहों पर सर्च बढ़ा दिया है और सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए कुछ अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है।
—


