बीबीएन , बीकानेर | बीकानेर में आठ दिवसीय अमृता हाट मेले की शुरुआत महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मंजू बाघमार ने सोमवार को किया।इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उन्नयन के लिए सतत प्रयासरत है और यह मेला महिलाओं के स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जय नारायण व्यास कॉलोनी स्थित ग्रामीण हाट में आयोजित इस संभाग स्तरीय मेले में प्रदेशभर से आए स्वयं सहायता समूहों और महिला आर्टिज़ंस को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला है।
उत्पादों की बिक्री व प्रदर्शन के लिए 8 दिवसीय आयोजन
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री मंजू बाघमार ने कहा कि सरकार महिलाओं को आय और उद्यम से जोड़ने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे मेले में अधिक से अधिक पहुंचकर महिला स्वावलंबन को मजबूती दें उन्होंने “डेजर्ट थीम” पर आयोजित मेले की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण कौशल और स्थानीय संस्कृति को एक साथ जोड़ती है।
हर जिले की कला और उत्पादों की झलक
उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना ने बताया कि मेले में लगभग सभी जिलों से आए समूहों द्वारा कोटा डोरिया साड़ियां, लकड़ी के क्राफ्ट, मनिहारी सामान, आयुर्वेद उत्पाद, जूतियां, हस्तशिल्प खिलौने, अचार, पेंटिंग, मिट्टी के बर्तन, गलीचे, उस्ता कला और पारंपरिक राजस्थानी भोजन के स्टॉल लगाए गए हैं। मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
सांस्कृतिक रंग भी छाए
कार्यक्रम में जसनाथ संप्रदाय का प्रसिद्ध अग्नि नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा। मंच संचालन मोनिका गौड़ ने किया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन, नाबार्ड और उद्योग विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। राज्य मंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिलाओं से उनके कार्य और उत्पादों के बारे में जानकारी ली। इसी दौरान सरिता धायल को मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत 29 लाख 75 हजार रुपये का चेक सौंपा गया।



