बीबीएन, बीकानेर | बीकानेर के औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों के लिए विकास की एक नई राह खुलती नज़र आ रही है। प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना के तहत जहां करणी औद्योगिक क्षेत्र की एक प्रमुख खाद्य इकाई को गैस आपूर्ति से जोड़ दिया गया है, वहीं समता नगर जैसे रिहायशी इलाकों में भी पाइपलाइन बिछाने का कार्य आरंभ हो चुका है। गेसोनेट कंपनी और बीकानेर जिला उद्योग संघ के बीच हुई उच्चस्तरीय चर्चा में यह स्पष्ट किया गया कि आने वाले समय में पूरे शहर को चरणबद्ध तरीके से प्राकृतिक गैस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे औद्योगिक निवेश, रोजगार और मूल्य संवर्धन को नई गति मिलेगी।
गेसोनेट कंपनी के जनरल मैनेजर गंगा प्रसाद बरुआ ने बताया कि बीकानेर के औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार प्राथमिकता पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना का उद्देश्य स्वच्छ, सस्ती और सतत ऊर्जा उपलब्ध कराकर शहर के विकास को गति देना है।
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने इसे जिले के औद्योगिक भविष्य के लिए निर्णायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक गैस की उपलब्धता से सिरेमिक जैसे ऊर्जा-आधारित उद्योगों के लिए बीकानेर एक आकर्षक केंद्र बन सकता है। वर्तमान में जिले में प्रतिवर्ष लाखों टन खनिज क्ले का उत्पादन होने के बावजूद उसका अधिकांश हिस्सा अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है।
संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू ने बताया कि गुजरात के मोरबी जैसे औद्योगिक मॉडल का मूल आधार गैस कनेक्टिविटी है। यदि बीकानेर में भी यह सुविधा पूर्ण रूप से उपलब्ध हो जाती है तो राज्य में बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश, रोजगार सृजन और निर्यात आधारित उद्योग विकसित हो सकते हैं। उद्योगपति मनीष सिपानी ने मांग की कि गैस पाइपलाइन को रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र तक शीघ्र विस्तार दिया जाए, जिससे अधिकाधिक इकाइयां इस सुविधा से जुड़ सकें और बीकानेर का औद्योगिक नक्शा पूरी तरह बदल सके।


