बीबीएन, बीकानेर। बीकानेर रेंज में आपराधिक गतिविधियों का ग्राफ निरंतर बढ़ रहा है। राजस्थान-पंजाब सीमा पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद पांच आरोपी भागने के प्रयास में धींगतानिया पुल से नीचे गिरकर घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सादुलशहर अस्पताल भेजा है। आरोपियों के कब्जे से तीन पिस्टल, करीब एक दर्जन कारतूस और एक कार बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास और डकैती जैसे गंभीर मामलों में वांछित हैं तथा किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार, पंजाब सीमा के निकट संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई। इस दौरान बदमाशों ने भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान वे धींगतानिया पुल से नीचे गिर गए, जिससे सभी घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल रवाना किया।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों का संबंध हाल ही में खेरूवाला और छापावाली क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटनाओं से भी जोड़ा जा रहा है। पुलिस इन घटनाओं में उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक नेटवर्क, सहयोगियों और संभावित साजिश के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।




