🔴 ड्यूटी के बीच मौत, कांस्टेबल की आत्महत्या से सनसनी
बीबीएन, नेटवर्क। राजस्थान के भीलवाड़ा जिला जेल में शनिवार देर रात ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल परिसर और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय रामकिशोर मोदीवाल के रूप में हुई है, जो आरएसी (आर्म्ड कॉन्स्टेबुलरी) की 13वीं बटालियन में तैनात थे। पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्यूटी समाप्त होने से ठीक पहले उन्होंने छाती में गोली दाग ली।
जेल अधीक्षक शैलेंद्र सिंह फौजदार ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर साथी कांस्टेबल मौके पर पहुंचे तो रामकिशोर खून से लथपथ हालत में पड़ा था। तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। सबूत जुटाए गए और शव की वीडियोग्राफी के बाद पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल किशनगढ़ (अजमेर) के हरमाड़ा गांव का निवासी था और छुट्टी से लौटने के बाद ड्यूटी पर आया था। वह शनिवार शाम छह बजे से रात दस बजे तक की पाली में तैनात था। इस बीच, मृतक के बड़े भाई नानूराम मोदीवाल ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें मौत को “संदिग्ध” बताया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
—



