🔴डॉक्टर सहित तीन जने गिरफ्तार
बीबीएन, नेटवर्क। देश में बड़े आतंकी हमले की तैयारी को नाकाम करते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में एक डॉक्टर के आवास से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 300 किलो आरडीएक्स, एके-47 राइफलें और असंख्य कारतूस जब्त किए हैं। इस मामले में एक डॉक्टर समेत तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस की विशेष टीम ने कुछ दिन पहले फरीदाबाद के एक मकान में छापेमारी की थी। प्रारंभिक जांच में यह पता चला कि मकान एक कश्मीरी मूल के डॉक्टर ने किराए पर लिया था, जो पिछले कुछ महीनों से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था। रविवार को की गई विस्तृत तलाशी में पुलिस को 14 बैगों में विस्फोटक सामग्री, रासायनिक पदार्थ और हथियार मिले।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि डॉक्टर की निशानदेही पर बरामद किए गए विस्फोटकों में आरडीएक्स, केमिकल पाउडर, कारतूस और हथियारों के पुर्जे शामिल हैं। इनका इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने के लिए किया जाना था। गुजरात एटीएस और श्रीनगर पुलिस भी इस मामले की जांच में शामिल हो गई हैं। प्राथमिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार डॉक्टर के संपर्क जैश-ए-मोहम्मद सहित कई आतंकी संगठनों से जुड़े हो सकते हैं। सुरक्षाबलों को संदेह है कि यह नेटवर्क फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट के माध्यम से सीमापार संचालित किया जा रहा था।
फरीदाबाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर कार्रवाई से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं, जबकि जम्मू-कश्मीर पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियाँ सहारनपुर, श्रीनगर और अनंतनाग तक जोड़ने का प्रयास कर रही है। जांच एजेंसियाँ इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को देश में सक्रिय स्लीपर सेल्स के नेटवर्क की नई जानकारी मिल सकती है। सोमवार को पुलिस इस मामले में आधिकारिक खुलासा करने वाली है।
—





