बीबीएन,बीकानेर। भैरव अष्टमी के पावन अवसर पर बीकानेर संभाग में बाबा खूंखार भैरवनाथ का जन्मोत्सव धार्मिक उल्लास और आस्था के माहौल में मनाया गया। स्टेट वूलन मिल स्थित प्राचीन बाबा खूंखार भैरव मंदिर को फूलों, गुब्बारों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। मंदिर परिसर इत्र की मनमोहक सुगंध से महक उठा और भक्तिभाव से गूंजता रहा।
सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने बाबा का अभिषेक देसी घी, दूध, शहद और गंगाजल से किया। कर्मकांड पंडित गोपाल दास छंगानी और उनकी टीम ने वेद मंत्रों के साथ विशेष पूजा-अर्चना और हवन सम्पन्न कराया। इसके बाद मंदिर में भव्य महाशृंगार, पूर्णाहुति और महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हुए। आरती के पश्चात बाबा भैरवनाथ का जन्मोत्सव प्रतीकात्मक रूप से केक काटकर मनाया गया और बच्चों में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री भैरव भक्त मंडल द्वारा किया गया। इस अवसर पर भारत-तिब्बत मंच की वरिष्ठ समाजसेवी सुधा आचार्य ने शंखनाद कर वातावरण को भक्तिपूर्ण बना दिया।
भोग लगाने के पश्चात दोपहर से शाम तक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ उद्यमी बेगराज नागपाल, बीछवाल उद्योग संघ अध्यक्ष प्रशांत कंसल, उपाध्यक्ष पवन चांडक, सतपाल कंसल, पंकज कंसल, चंद्रशेखर राजपुरोहित समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे कार्यक्रम के मुख्य संयोजक राजवीर सिंह राजावत और उनके सहयोगियों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस धार्मिक आयोजन में समाजसेवी, पत्रकार और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही, जिससे पूरा परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा।
—

