बीबीएन, नेटवर्क। राजस्थान के बाड़मेर जिले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर स्वरूप सिंह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। तीन साल से फरार यह तस्कर सीमावर्ती इलाके में बकरियां चराने की आड़ में नशे का कारोबार संचालित करता था।
पुलिस के अनुसार, स्वरूप सिंह बकरियां चराते हुए घंटी बजाकर पाकिस्तानी तस्करों को संकेत देता था, जिसके बाद तारबंदी के उस पार से हेरोइन के पैकेट फेंके जाते थे। सीमापार से फेंकी गई हेरोइन को ऊंट के माध्यम से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाता और फिर दिल्ली व पंजाब में सप्लाई की जाती थी।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर 22 जुलाई 2022 को बीएसएफ द्वारा पकड़े गए बीजावल निवासी तस्कर का सहयोगी है। उसके खिलाफ तीन वर्ष पूर्व मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि स्वरूप सिंह को सीमावर्ती क्षेत्र की पूरी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर वह बीएसएफ की निगाह से बच निकलता था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि सीमापार से संचालित यह नेटवर्क कितने स्थानीय लोगों से जुड़ा है और कितनी मात्रा में नशा दिल्ली-पंजाब की ओर भेजा गया था।
—


