बीबीएन,बीकानेर । बीकानेर चिकित्सा जगत के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। आचार्य तुलसी रीजनल कैंसर ट्रीटमेंट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, पीबीएम अस्पताल परिसर में हेमेटोलॉजी एवं बोन मैरो पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 15 ओर 16 नवम्बर को आयोजन होने जा रहा है। इस सम्मेलन में देशभर के 15 से अधिक प्रमुख कैंसर संस्थानों के 300 से ज्यादा डॉक्टर और विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्देश्य रक्त संबंधी बीमारियों, बोन मैरो प्रत्यारोपण और कैंसर उपचार में हो रहे नवीनतम शोध व तकनीकों पर विमर्श करना है।
इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के नामी चिकित्सा विशेषज्ञ जैसे डॉ. राहुल भगत (गुरुग्राम फोर्टिस), डॉ. पायल मल्होत्रा, डॉ. सौरभ कटोच, डॉ. सियाराम डिडेल (जोधपुर), डॉ. राहुल कुमार राय (बीकानेर), डॉ. हेमा, डॉ. विष्णु शर्मा और डॉ. श्याम अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। ये विशेषज्ञ बोन मैरो ट्रांसप्लांट, ब्लड कैंसर, गर्भावस्था में रक्त विकार, बच्चों में हेमेटोलॉजिकल समस्याओं और कैंसर से जुड़ी जीवनशैली चुनौतियों पर अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।
पीबीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एस. घीया ने बताया कि यह आयोजन बीकानेर को चिकित्सा क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा, “ऐसे सम्मेलन से स्थानीय डॉक्टरों को अत्याधुनिक तकनीकों की जानकारी मिलेगी और यह मरीजों के लिए वरदान साबित होगा।” आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र निवान ने कहा कि बीकानेर में इस स्तर का सम्मेलन हेमेटोलॉजी व बोन मैरो चिकित्सा की दिशा बदल देगा। सम्मेलन के दौरान लाइव सत्र, केस स्टडी प्रेजेंटेशन और नवीन चिकित्सा पद्धतियों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डॉ. नीति शर्मा, डॉ. रुचि आचार्य, डॉ. अरुण भारती, डॉ. पंकज टांटिया और डॉ. आयुष श्रीवास्तव समेत कई विशेषज्ञ आयोजन की मुख्य टीम में शामिल हैं। यह सम्मेलन न केवल चिकित्सकों के लिए ज्ञानवर्धक रहेगा, बल्कि कैंसर रोगियों के लिए उपचार की नई संभावनाओं को भी जन्म देगा।
—


