बीबीएन, बीकानेर | विश्व प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर एवं राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी के बीकानेर आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। “नया संकल्प, नया जीवन” विषय पर उनका विशेष आध्यात्मिक प्रवचन 14 दिसंबर शाम 4 बजे श्री गणेशम् रिसोर्ट (नापासर–रिड़मलसर सर्किल, जयपुर–जोधपुर बाइपास) में आयोजित किया जाएगा। अब तक 5000 से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि आयोजनकर्ताओं ने 5,000 से 7,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की है। शहरभर में लगे क्यूआर कोड स्कैन कर प्रवेश पत्र लेने की प्रक्रिया जारी है।
✔ पंजीकरण और व्यवस्थाओं का व्यापक प्लान
क्षेत्रीय संचालिका बी.के. कमल ने बताया कि क्यूआर कोड आधारित पंजीकरण के माध्यम से जिले सहित राजस्थान और कई अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोग प्रवचन में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। अब तक करीब 4000 प्रवेश पत्र वितरित किए जा चुके हैं और यह सुविधा 10 दिसंबर तक ब्रह्माकुमारीज़ के सार्दुल गंज क्षेत्रीय केंद्र में उपलब्ध रहेगी।15 वर्ष से अधिक आयु वालों को ही प्रवेश पत्र दिया जा रहा है।
✔ शहर में दिखा कार्यक्रम का प्रभाव
पूरे बीकानेर शहर में होर्डिंग, बैनर, फ्लैग्स लगाए गए हैं। 150 से अधिक सेवादार विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हैं। आमजन की सुविधा के लिए बसों की व्यवस्था भी पवनपुरी, श्रीरामसर, गंगाशहर, मुक्ता प्रसाद सहित कई क्षेत्रों से की गई है।
✔ विशेष सांस्कृतिक शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत ठीक शाम 4 बजे प्रसिद्ध गायक हरीश मोयल के आध्यात्मिक गीतों से होगी। आयोजन में केंद्रीय कानून मंत्री व बीकानेर सांसद अर्जुन मेघवाल, बीकानेर विधायक, पुलिस महानिरीक्षक, संभागीय आयुक्त, महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलपति सहित कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
✔ 15–17 दिसंबर को अतिरिक्त कार्यक्रम
रवींद्र रंगमंच पर 15 से 17 दिसंबर तक शाम 6 से 7 बजे डॉ. बी.के. शक्ति राज “Meditation for Powerful Mind & Happy Life” पर व्याख्यान देंगे। इसके लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी। 10 दिसंबर के बाद मोबाइल या क्यूआर कोड से पंजीकरण नहीं होगा और प्रवेश पत्र केवल कार्यक्रम स्थल पर पंजीकृत श्रद्धालुओं को दिए जाएंगे।




